
दैनिक रुड़की (इकराम अली):::
पिरान कलियर। हज यात्रा पूरी कर लौटे उत्तराखंड के पहले हज यात्रियों के जत्थे का बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने यात्रियों को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं की जानकारी ली।
उत्तराखंड के हज यात्रियों की पहली फ्लाइट सुबह 5:25 बजे 305 यात्रियों को लेकर नई दिल्ली पहुंची, जबकि दूसरी फ्लाइट शाम 6:25 बजे 103 यात्रियों को लेकर एयरपोर्ट पर उतरी। हवाई अड्डे पर पहुंचे यात्रियों का राज्य हज समिति की ओर से स्वागत किया गया। हज यात्रियों ने बताया कि मक्का और मदीना में उन्हें बेहतर व्यवस्थाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उनकी यात्रा सुगम, सुरक्षित और यादगार रही। यात्रियों ने सफल हज यात्रा के लिए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरन रिजिजू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास के प्रयासों की सराहना की। यात्रियों ने उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि हज यात्रा की शुरुआत से लेकर वतन वापसी तक उन्हें हर स्तर पर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा। इस दौरान हज अधिकारी मोहम्मद अहसान, अब्दुल कादिर समेत हज समिति के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies