दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। गणेशपुर पुल से सोमवार को एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था।

जानकारी के अनुसार ढंढेरा निवासी 27 वर्षीय सचिन मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। उसकी मां उसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास लेकर जा रही थी। दोनों जब गणेशपुर पुल से गुजर रहे थे, तभी अचानक सचिन पुल की रेलिंग पर चढ़ गया और देखते ही देखते गंगनहर में छलांग लगा दी।
घटना से घबराई मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा गंगनहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies