
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। पनियाला रोड स्थित शिवपुरम एवं आसपास की कॉलोनियों में जल निकासी और सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। धरनारत लोगों ने लोकसभा सांसद Trivendra Singh Rawat के कथित गुमशुदगी पोस्टर आजाद नगर चौक से पनियाला रोड तक विभिन्न स्थानों पर चस्पा कर विरोध जताया। वहीं धरनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त नेता देशराज कर्णवाल को भी लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक धरनास्थल पर बंधक बनाकर रखा और अपनी नाराजगी व्यक्त की।

धरनारत लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण और सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक कार्य शुरू नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
धरनास्थल पर पहुंचे देशराज कर्णवाल ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है और शासन स्तर पर समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन मिला है। इस पर लोगों ने कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर कार्य शुरू होने की आवश्यकता है। इस दौरान कुछ लोगों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी भी व्यक्त की।
कर्णवाल तथा स्थानीय पार्षद अनुराग त्यागी ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि मंगलवार से जेसीबी मशीनों के माध्यम से नाले की खुदाई का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। बंधक बनाए जाने के सवाल पर कर्णवाल ने कहा कि क्षेत्रवासी उनके परिवार के सदस्यों की तरह हैं और समस्या के कारण उनमें स्वाभाविक आक्रोश है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।
धरना संचालक सतीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो शाम को मुख्यमंत्री, सांसद,रुड़की, झबरेड़ा एवं कलियर विधायक और मेयर समेत छह जनप्रतिनिधियों की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली जाएगी।
समिति अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को क्षेत्र की समस्या की गंभीरता समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बरसात सिर पर है और यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो क्षेत्र के लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।कांग्रेस नेता विकास त्यागी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने आंदोलन को क्षेत्रवासियों की जायज लड़ाई बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में राजेश गोस्वामी, जितेंद्र सैनी, सुल्तान सैनी, नरेंद्र सिंह तोमर, राजेंद्र सिंह नेगी, रमेश पवार, राजेंद्र जुयाल, चंद्रभान, रमेश सिंह, कमल, चंद्र प्रकाश शर्मा, अनिल चौधरी, सोहन पाल, मूल सिंह, अनिल कुमार त्यागी, सतीश शर्मा, डीके गौर, सुरेंद्र सिंह चौधरी, सुधीर कुमार, नरेंद्र सिंह, हरपाल साहब, विराट सिंह, प्रेमपाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies