
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट द्वारा चावमंडी स्थित समर्पण कार्यालय पर शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उमस भरी गर्मी और तेज धूप से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों को शरबत वितरित किया गया।

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक डॉ. संजीव अग्रवाल एवं महिला शाखा की संरक्षक पूजा गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं और राहगीरों को शरबत वितरित किया। इस अवसर पर डॉ. संजीव अग्रवाल ने कहा कि संस्था सदैव जनसेवा के लिए समर्पित रहती है और आमजन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि संस्था के माध्यम से समाजसेवा और पुण्य कार्यों में सहभागी बनने का अवसर प्राप्त होता है तथा संगठन द्वारा समय-समय पर जनहित के अनेक कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं।

महिला शाखा की संरक्षक पूजा गुप्ता ने कहा कि समर्पण संगठन सेवा भाव को सर्वोपरि मानते हुए तन-मन से समाजहित में कार्य करता है और भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्य जारी रखेगा।शरबत वितरण कार्यक्रम के पश्चात समर्पण कार्यालय में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संदीप यादव ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 16 जुलाई को हरेला पर्व के उपलक्ष्य में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पर्यावरण प्रभारी के रूप में संदीप यादव एवं अरुण कोहली को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए कांवड़ भंडारे एवं चिकित्सा शिविर आयोजित करने की योजना भी बनाई गई। कांवड़ भंडारे की व्यवस्था के लिए संजीव सैनी को प्रभारी नियुक्त किया गया, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संदीप गोयल, संजय गोयल एवं गजेंद्र शर्मा को सौंपी गई। पेयजल व्यवस्था का दायित्व मनोज मेहरा तथा स्वच्छता एवं साफ-सफाई की जिम्मेदारी पार्षद राकेश गर्ग को दी गई।
बैठक में विकास गुप्ता, प्रदीप गोयल, शशिकांत अग्रवाल, अनिरुद्ध गोयल, श्रवण सैनी, अनूप बंसल, शैलेश बंसल, मनोज मेहरा, अजय शर्मा, अंकुर त्यागी, शेर सिंह सारण, राजकुमार सोनकर, गौरव गोयल, प्रिंस गोस्वामी, इंद्रजीत सिंह, विकास सैनी, कृष्ण यादव, नरेश यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies