
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। श्री राधा माधव सेवा मंडल (रजि.), रुड़की द्वारा सेवा, संस्कार और समर्पण के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरमिलाप धर्मशाला में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, मंडल के संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष गुलशन अनेजा तथा पूर्व अध्यक्षों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मंडल के सभी सहयोगियों, समाजसेवियों एवं पत्रकारों को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंडल के सचिव सतीश कालरा ने संस्था की 20 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मंडल ने धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के अनेक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक रूप से आगे बढ़ाएगी।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि श्री राधा माधव सेवा मंडल पिछले दो दशकों से समाज सेवा, धार्मिक आयोजनों और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करती हैं और लोगों को सेवा एवं संस्कारों से जोड़ती हैं।
रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि सेवा भाव से किए गए कार्य ही समाज में स्थायी पहचान बनाते हैं। उन्होंने मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को 20 वर्ष की सफल यात्रा के लिए बधाई देते हुए कहा कि संस्था ने सामाजिक समरसता और जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मंडल अध्यक्ष एच.एम. कपूर ने कहा कि संस्था की सफलता सभी सदस्यों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी मंडल सेवा और संस्कार की इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
कार्यक्रम में संयोजक उमेश कोहली, सचिव सतीश कालरा, समाजसेवी गौरव कौशिक, ललित मोहन अग्रवाल, जगदीश सेतिया, अमित गुलाटी, राजेंद्र पाहुजा, दर्शन खट्टर, रजनीश ठकराल, प्रदीप बधावन, मृत्युंजय श्रीवास्तव, करण चांदना, अमित सरीन, रमन अरोड़ा, अश्वनी हांडा, मनीष जैसिंह, अमित गोयल, जगन दुआ, ललित शर्मा, आशीष सूरी, हरीश खट्टर, अनिल सेतिया, मनीष मदान, राकेश भूटानी, विपिन तनेजा, उदयभान कालरा, विजय अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies