News

12-06-2026 19:08:56

पांचवें दिन भी जारी रहा शिवपुरम का धरना, मेयर-नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। शिवपुरम कल्याण समिति द्वारा सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग को लेकर चल रहा धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर पहुंचीं मेयर अनीता अग्रवाल और नगर आयुक्त रामगोपाल बेनीवाल ने क्षेत्रवासियों से वार्ता की तथा जल निकासी की संभावित व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जल्द बैठक कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन धरनारत लोगों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

पनियाला रोड स्थित शिवपुरम कॉलोनी के निवासी पिछले पांच दिनों से सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। शुक्रवार को मेयर अनीता अग्रवाल, नगर आयुक्त रामगोपाल बेनीवाल, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल एवं अन्य अधिकारियों ने धरनास्थल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने रहीमपुर फाटक, पनियाला रोड और प्रीत विहार कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी की संभावनाओं का जायजा लिया।

धरने का संचालन कर रहे सतीश शर्मा ने कहा कि निरीक्षण के बावजूद अभी तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो रविवार को बड़ी संख्या में लोग धरनास्थल पर जुटेंगे और मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक एवं मेयर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य कॉलोनियों का पानी शिवपुरम में आने से रोकने के लिए क्षेत्रवासी कदम उठाने को मजबूर होंगे।

विकास त्यागी ने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा आगामी चुनावों में मतदान के बहिष्कार पर भी विचार किया जाएगा।मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं नगर आयुक्त रामगोपाल बेनीवाल ने बताया कि बरसात से पहले जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करने के प्रयास किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर लोक निर्माण विभाग की सड़क के किनारे अस्थायी नाले की खुदाई या अन्य विकल्पों पर भी काम किया जाएगा।इस दौरान समिति अध्यक्ष नरेंद्र तोमर, पार्षद अनुराग त्यागी, पार्षद प्रतिनिधि सागर सैनी, जितेंद्र सैनी, हेमा विष्ट,मुनेश सहगल,फूल सिंह, जसबीर सिंह,मूला सिंह,वीरेंद्र कुमार राणा,चक्रधर देवरानी,चंद्रप्रकाश शर्मा,सुधीर सैनी,सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



कांग्रेस ने दिया आंदोलन को समर्थन

धरने के पांचवें दिन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह भी धरनास्थल पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की लड़ाई में कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और हर स्तर पर सहयोग करेगी। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विकास त्यागी, सुधीर शांडिल्य, पूर्व पार्षद संजय तोमर, राहुल शर्मा, मेनपाल भड़ाना, नीरज अग्रवाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies