News

12-06-2026 13:43:07

हरिद्वार में 4 माह की बच्ची चोरी का सनसनीखेज खुलासा-तीन लाख रुपये में लड़का बेचने की थी साजिश, गलती से बच्ची को उठा ले गए आरोपी

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने 4 माह की बच्ची के अपहरण के मामले का पर्दाफाश करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक कथित बाबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे तीन लाख रुपये के लालच में एक लड़का चोरी कर बेचने की योजना बनाकर हरिद्वार आए थे, लेकिन गलती से एक बच्ची का अपहरण कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को संभल (उत्तर प्रदेश) निवासी पुष्पेंद्र ने चौकी रोड़ी बेलवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आया था। 27 मई की रात विष्णु घाट के पास एक पेड़ के नीचे परिवार सो गया था। सुबह उठने पर उनकी चार माह की बेटी गायब मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध दंपत्ति पहले एक बच्चे और बाद में दो बच्चों के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने उनके सफर की कड़ियां जोड़ते हुए धामपुर से लेकर हावड़ा तक के संभावित रूट की पड़ताल की, लेकिन शुरुआत में कोई सफलता नहीं मिली।

जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने संदिग्धों के हरिद्वार पहुंचने के रूट की जांच की। इस दौरान पता चला कि दंपत्ति शिवालिक नगर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में झाड़-फूंक करने वाले एक बाबा की झोपड़ी में ठहरा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने झोपड़ी पर दबिश दी और वहां से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही बाबा सत्यपाल, लाल बहादुर और उसकी पत्नी प्रीति रानी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि लाल बहादुर और प्रीति रानी के चार बच्चे हैं। कुछ समय पहले उन्हें जानकारी मिली थी कि एक दंपत्ति को बेटा चाहिए और इसके बदले तीन लाख रुपये मिल सकते हैं। इसी लालच में उन्होंने अपने परिचित सत्यपाल के साथ मिलकर घाटों से बच्चा चोरी करने की योजना बनाई। 27 मई की रात वे विष्णु घाट पहुंचे और सुबह करीब चार बजे सो रहे परिवार के बीच से बच्ची को लड़का समझकर उठा ले गए।

जब उन्हें पता चला कि चोरी किया गया बच्चा लड़की है तो वे उसे बेच नहीं सके। बाद में बच्ची को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की योजना बनाकर दोबारा हरिद्वार पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं आमजन भी हरिद्वार पुलिस और एसएसपी नवनीत सिंह की कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies