कंप्यूटर साइंस एंड आईटी विभाग की पहल: छात्रों को मिले इंटर्नशिप और रोजगार के शानदार अवसर

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)
रुड़की। मदरहुड विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार एवं इंटर्नशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न नामी कंपनियों के भर्ती अभियानों का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने सभी प्रतिभागी एवं चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत के साथ इस प्रकार की सहभागिता विद्यार्थियों के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर में ओरिवोनएज एवं जस्टडायल कंपनियों की भर्ती व साक्षात्कार प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। गत 6 जून को आयोजित ओरिवोनएज कंपनी की इंटर्नशिप एवं प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) ड्राइव के अंतर्गत फ्रंटएंड डेवलपमेंट, बैकएंड डेवलपमेंट, वेब डेवलपमेंट तथा यूआई/यूएक्स डिज़ाइन जैसे तकनीकी पदों के लिए विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इसमें बीसीए, एमसीए, एम.एससी. (आईटी/सीएस) तथा बी.एससी. (सीएस एंड आईटी) के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। कंपनी की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक श्री प्रबल कुमार, मानव संसाधन अधिकारी सुश्री वर्णिका एवं श्री बृजेश कुमार ने छात्रों के कौशल का मूल्यांकन किया।

इसके साथ ही, 10 जून को प्रसिद्ध कंपनी 'जस्टडायल' द्वारा विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक आलोक ध्यानी एवं मानव संसाधन अधिकारी अमित गुप्ता ने विद्यार्थियों के संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, मार्केटिंग की समझ और समस्या-समाधान क्षमता को परखते हुए योग्य छात्रों का चयन किया।
फैकल्टी ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड आईटी के डीन डॉ. रविंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस पूरे अभियान को सफल बनाने में शिक्षक सदस्य श्री नवनीत कुमार, शीतल कुमार, सचिन, अरुण त्यागी, श्री पंकज, दीपांशु, विष्णु, सुश्री गायत्री एवं अभिषेक का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता पर विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

