दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। झबरेड़ा में वरिष्ठ समाजसेवी दीपक पंवार एवं सीनियर अधिवक्ता राव बिलावर के संयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
वरिष्ठ समाजसेवी राव कुर्बान अली के आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में व्यापारियों, युवाओं एवं गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय राजेश पायलट को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राव कुर्बान अली ने कहा कि राजेश पायलट एक सच्चे जननेता और सादगी की मिसाल थे, जिन्होंने अपना जीवन किसानों, मजदूरों और आम जनता की सेवा के लिए समर्पित किया।
दीपक पंवार ने कहा कि राजेश पायलट की संघर्षशील सोच और किसान-मज़दूरों की आवाज़ को बुलंद करने का उनका योगदान आज भी समाज को प्रेरित करता है। उनका जीवन जनसेवा, ईमानदारी और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सीनियर अधिवक्ता राव बिलावर ने कहा कि आज प्रेरणा दिवस के रूप में हम स्वर्गीय राजेश पायलट को स्मरण कर रहे हैं। उनका व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित के लिए किया गया कार्य युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि राजेश पायलट का जीवन हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख देता है।
इस अवसर पर सुधीर पंवार, विपिन सैनी, मोबिन सभासद, अहसान अलवी, शिवम वर्मा, हाजी समीम, वाजिद अली, अमित कुमार, अक्षय मास्टर जी, शिवम देवपुर, गुलाफाम मलिक, राजेश कुमार, सुरेंद्र प्रधान, यशपाल सिंह सहित अनेक लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर स्वर्गीय राजेश पायलट को नमन किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies