News

11-06-2026 13:36:44

दरगाह से 7 माह के मासूम का अपहरण, भीख मंगवाने की थी साजिश-4 दिन में पुलिस ने सकुशल कराया बरामद..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। पिरान कलियर दरगाह परिसर से अपहृत सात माह के मासूम बच्चे को हरिद्वार पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने बच्चे का अपहरण भीख मांगने के लिए इस्तेमाल करने और अधिक पैसे कमाने की नीयत से किया था।


जानकारी के अनुसार 7 जून को कलियर दरगाह परिसर में नमाज के दौरान बिहार निवासी कलसूम खातून के सात माह के नाती मोहम्मद अली रजा का अपहरण हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही थाना पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।


पुलिस ने दरगाह परिसर, रुड़की-कलियर मार्ग, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और बाजारों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक विकलांग महिला और उसके साथ दिख रहे संदिग्ध युवक की तस्वीरें सामने आईं। महिला की वैशाखियां और अपहृत बच्चे के दोनों हाथों में छह-छह उंगलियां पुलिस के लिए महत्वपूर्ण पहचान का जरिया बनीं।


सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस गुरुवार को लक्सर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, जहां एक विकलांग महिला बच्चे को गोद में लेकर भीख मांग रही थी। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में सामने आया कि महिला बचपन से पोलियोग्रस्त है और अपने साथी समीर उर्फ सोनू के साथ रह रही थी। दोनों के पास आजीविका का कोई स्थायी साधन नहीं था। कलियर दरगाह में भीख मांगने के दौरान उन्होंने देखा कि छोटे बच्चों को गोद में लेकर भीख मांगने वालों को ज्यादा पैसे मिलते हैं। इसी लालच में दोनों ने मानसिक रूप से कमजोर महिला के बच्चे को निशाना बनाया और एक सप्ताह तक उस पर नजर रखने के बाद अपहरण की साजिश रची।


आरोपियों ने स्वीकार किया कि 7 जून की शाम मौका मिलते ही समीर ने दरगाह परिसर से बच्चे का अपहरण कर लिया और उसे लंढौरा ले गया। इसके बाद दोनों बच्चे का इस्तेमाल कर भीख मांगने की योजना बना रहे थे। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनकी साजिश नाकाम कर दी।


मासूम बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। एसएसपी हरिद्वार ने मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। गिरफ्तार आरोपियों के नाम समीर उर्फ सोनू उर्फ बड़ा (22 वर्ष), निवासी गोल्डन कॉलोनी, लंढौरा, थाना मंगलौर एवंएक महिला अभियुक्ता (45 वर्ष) है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies