दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की उप कारागार के सामने दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार युवकों को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। गनीमत रही कि इस सनसनीखेज घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फायरिंग की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अचानक बाइक सवार युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
उप कारागार के ठीक सामने हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies