
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
देहरादून। उत्तराखंड की बेटी और आंदोलनकारी भावना पांडे ने सोशल मीडिया पर जारी अपने एक वीडियो संदेश में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की व्यवस्थाएं पूरी तरह डगमगा गई हैं, लेकिन मुख्यमंत्री जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय लालबत्ती और दर्जा मंत्री बांटने में व्यस्त हैं।

भावना पांडे ने कहा कि वर्तमान सरकार ने दर्जा मंत्री और लालबत्ती संस्कृति को जिस स्तर तक बढ़ाया है, उसने पूर्ववर्ती सरकारों के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी इस प्रकार की नियुक्तियां हुई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने उससे कहीं अधिक बढ़कर राजनीतिक नियुक्तियां करने का काम किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय नेताओं को खुश करने के लिए दर्जा मंत्री और विभिन्न पद बांट रही है। उनका कहना है कि सरकार के कार्यकाल में न तो विकास की गति दिखाई दे रही है और न ही जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान हो रहा है।
भावना पांडे ने कहा कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दे आज भी जस के तस बने हुए हैं। वहीं दूसरी ओर अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि दिन-रात सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। सरकार को लालबत्ती और राजनीतिक नियुक्तियों के बजाय विकास, सुरक्षा और जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।भावना पांडे ने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में सरकार से उसके कार्यों का हिसाब मांगेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies