News

10-06-2026 13:52:19

ज्वैलर्स की दुकान में नकबजनी का खुलासा, लाखों के जेवरात बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई नकबजनी (सेंधमारी) के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गंगनहर कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था जिसमें गंगनहर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के बड़ौत क्षेत्र से आरोपी साहिन को गिरफ्तार किया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में स्वर्ण एवं रजत आभूषण बरामद हुए। बरामद सामान में सोने का हार, मांग टीके, झुमके तथा बड़ी मात्रा में चांदी की बालियां, अंगूठियां, ताबीज, कंगन, लॉकेट, चैन, पायजेब, बिछुए, शिव प्रतिमा समेत विभिन्न आभूषण शामिल हैं। 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिन पुत्र शाह आलम (35 वर्ष) निवासी शहीद नगर, जवाहर पार्क, थाना साहिबाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिलज्वाण सहित सीआईयू रुड़की और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies