
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एक स्कूटी और दस मोटरसाइकिल समेत कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों के चिन्हीकरण और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बुधवार को पनियाला तिराहे के पास से अयान और अजय नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर देहात क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज पांच मुकदमों से संबंधित चोरी के वाहन बरामद किए गए, जबकि छह अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे की लत के चलते वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटाकर उनमें बदलाव करते थे और फिर उन्हें बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। बरामद अधिकांश वाहनों से नंबर प्लेट गायब मिली हैं।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अय्यान पुत्र नसीम अहमद निवासी माधोपुर हजरतपुर, थाना गंगनहर तथा अजय पुत्र मांगेराम निवासी नगला कुबड़ा, थाना झबरेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, नवीन कुमार, ब्रह्मदत्त बिलज्वाण, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, आशीष कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के संबंध में अन्य जनपदों और थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। संभावना है कि पूछताछ में वाहन चोरी के और मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies