News

10-06-2026 13:32:50

दो राज्यों में ट्रैक्टर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा-चौथा आरोपी फरार-दो साल बाद मिला चोरी का ट्रैक्टर.....

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। कलियर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। गिरोह का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। खास बात यह रही कि कलियर क्षेत्र से वर्ष 2024 में चोरी हुआ ट्रैक्टर करीब दो साल बाद बरामद किया गया।


कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी एवं सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि 16 मई 2024 को मुकर्रबपुर निवासी शफ्फकत का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी हो गया था। मामले में कोतवाली कलियर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लंबे समय से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर दरियापुर मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने अजय निवासी लिबरहेड़ी कोतवाली मंगलौर, अभिषेक निवासी भलस्वागाज थाना झबरेड़ा और अंकुश निवासी फखरेहड़ी थाना झबरेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद किए गए, जिनमें एक ट्रैक्टर कलियर क्षेत्र से और दूसरा पंजाब से चोरी किया गया था।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी हैप्पी के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी के बाद ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी और उन्हें देहात क्षेत्रों में मिट्टी ढुलाई व मजदूरी के कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा था।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी हैप्पी की तलाश जारी है। पुलिस टीम में कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सीओ दिव्येश उपाध्याय, एसएसआई राजेश बिष्ट, एसआई विनोद कुमार गोला, कांस्टेबल अनंत कुमार, फुरकान अहमद और भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies