
तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन एवं चिंतन शिविर में किसानों की समस्याओं पर बनेगी रणनीति, देशभर से जुटेंगे हजारों किसान
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के राष्ट्रीय अधिवेशन एवं चिंतन शिविर में भाग लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों का विशाल काफिला रुड़की से हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। किसानों के जोश और उत्साह से भरे इस भव्य कार जुलूस ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। काफिले में बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे, जिन्होंने संगठन के झंडों और नारों के साथ किसान एकता का संदेश दिया।

प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी ने बताया कि 10 से 12 जून तक हरिद्वार में भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन एवं चिंतन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण शिविर में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिपाल अम्बावता, राष्ट्रीय कोर कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों सहित देशभर से हजारों किसान भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। खेती की बढ़ती लागत, फसलों के उचित मूल्य, सिंचाई, बिजली, आवारा पशुओं और किसानों के आर्थिक संकट जैसे गंभीर मुद्दों पर शिविर में व्यापक चर्चा होगी। साथ ही किसानों के हितों की रक्षा और उनकी मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आगामी आंदोलन और संगठनात्मक रणनीति भी तैयार की जाएगी।
सुभाष चौधरी ने कहा कि किसान आज सबसे अधिक परेशान वर्ग बन चुका है। खेती लगातार घाटे का सौदा साबित हो रही है और किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह चिंतन शिविर किसानों की आवाज को मजबूत करने का काम करेगा।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड से हजारों किसान इस अधिवेशन में भाग लेने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। प्रदेशभर से किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा है। किसानों की एकजुटता और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाला गया यह भव्य कार जुलूस आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इस अवसर पर चौधरी नेत्रपाल सिंह,दीपक पंवार, राव बिलावर,विशाल चौधरी, राव ताज मोहम्मद,तौकीर आलम,प्रेम सिंह,कुलदीप चौधरी, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर किसानों में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने किसान हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूती देने का संकल्प लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies