
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। शिवपुरम जन कल्याण समिति द्वारा क्षेत्र की जर्जर सड़कों, जलभराव और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर शुरू किया गया धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि शिवपुरम के लोग वर्षों से जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई बार सांसद, विधायक, मेयर और अन्य जनप्रतिनिधि आए तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर चले गए, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब क्षेत्रवासी अपने अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। क्षेत्र के लोगों का धैर्य अब जवाब दे चुका है और किसी भी कीमत पर पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।
वहीं पूर्व पार्षद सतीश शर्मा ने कहा कि इस बार समिति और क्षेत्रवासी केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो धरने को और तेज करते हुए आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवपुरम की जनता लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही है और अब यह लड़ाई आर-पार की होगी।
धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि जब तक क्षेत्र की सड़कें दुरुस्त नहीं होतीं और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू कराने की मांग की।
धरना प्रदर्शन में राजेश गोस्वामी, जितेंद्र सैनी, सुल्तान सैनी, नरेंद्र सिंह तोमर, राजेंद्र सिंह नेगी, रमेश पवार, राजेंद्र जुयाल, चंद्रभान, रमेश सिंह, कमल, चंद्र प्रकाश शर्मा, अनिल चौधरी, सोहन पाल, मूल सिंह, अनिल कुमार त्यागी, सतीश शर्मा, डीके गौर, सुरेंद्र सिंह चौधरी, सुधीर कुमार, नरेंद्र सिंह, हरपाल साहब, विराट सिंह, प्रेमपाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies