दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की सुभाष नगर मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी तोमर के नेतृत्व में सुभाष नगर स्थित बालाजी गार्डन में महिला मोर्चा की मंडल कार्यकारिणी के विस्तार एवं नव नियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की नव नियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा जिला रुड़की की जिलाध्यक्ष नीलकमल शर्मा उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक सावित्री मंगला, भाजपा सुभाष नगर मंडल अध्यक्ष संदीप पुरी, महिला मोर्चा जिला महामंत्री ममतेश चाहल एवं आरती बहुखंडी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष कमला कैंथोला, मुस्कान कुश, कविता सैनी, महामंत्री कमला पांडे, मंत्री सावित्री नेगी, नीरू गुप्ता, कल्पना नेगी, कोषाध्यक्ष निर्मला वर्मा, सोशल मीडिया संयोजक रश्मि कश्यप, आईटी संयोजक पिंकी सैनी तथा सदस्य सपना अरोड़ा, अनु अग्रवाल, सिमरन वैश्य, अनीता शर्मा, भागीरथी गुंजियाल सहित अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष नीलकमल शर्मा ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला मोर्चा संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी और सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक सावित्री मंगला ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राज्य की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies