News

09-06-2026 13:23:59

इकबालपुर मिल के मुद्दों पर मंत्री सौरभ बहुगुणा से मिले विधायक वीरेंद्र जाति

गन्ना भुगतान, कर्मचारियों के वेतन और आगामी पेराई सत्र को लेकर हुई महत्वपूर्ण वार्ता

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र जाति के नेतृत्व में किसानों एवं कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना मंत्री Saurabh Bahuguna से मुलाकात कर इकबालपुर मिल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों के लंबित गन्ना मूल्य भुगतान, कर्मचारियों के बकाया वेतन तथा आगामी पेराई सत्र में मिल के संचालन को लेकर अपनी चिंताएं मंत्री के समक्ष रखीं।

बैठक में विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि गन्ना भुगतान में लगातार हो रही देरी से किसानों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि किसानों का बकाया भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।प्रतिनिधिमंडल ने मिल कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए शीघ्र वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके अलावा आगामी पेराई सत्र में इकबालपुर मिल के संचालन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। विधायक वीरेंद्र जाति ने क्षेत्र के किसानों और कर्मचारियों की भावनाओं से मंत्री को अवगत कराते हुए मिल का संचालन समयबद्ध एवं सुचारू रूप से शुरू कराने का आग्रह किया।मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों और कर्मचारियों से जुड़े मामलों पर सरकार संवेदनशील है और समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि किसानों और श्रमिकों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के किसानों एवं कर्मचारियों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को भविष्य में भी मजबूती से सरकार के समक्ष उठाया जाता रहेगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies