दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पद पर मनोनयन होने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता सौरभ भूषण शर्मा का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रुड़की नगर की विभिन्न प्रमुख ब्राह्मण संस्थाओं के अध्यक्षों, महामंत्रियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पहुंचकर उन्हें माल्यार्पण किया, शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य पंडित रोहित वैदिक ने किया। समारोह में उपस्थित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाजपा नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे समाज और संगठन दोनों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
पुरोहित कल्याण समिति के अध्यक्ष राजकुमार कौशिक ने कहा कि भाजपा नेतृत्व का यह निर्णय अत्यंत सराहनीय है। उनके प्रदेश संयोजक बनने से व्यवसायिक वर्ग को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा समाज का सम्मान भी बढ़ेगा।
जनपदीय ब्राह्मण सभा एवं भारतीय ब्रह्म सभा के अध्यक्ष पंडित देवेंद्र शर्मा ने कहा कि यह मनोनयन संगठन में जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव-नियुक्त प्रदेश संयोजक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे।
जनपदीय ब्राह्मण सभा के महामंत्री सचिन पंडित ने कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा का व्यवसायिक प्रकोष्ठ प्रदेशभर में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। वहीं भारतीय ब्रह्म सभा के नगर अध्यक्ष राजेश कपिल ने इसे पूरे रुड़की नगर के लिए गौरव का विषय बताया।
परशुराम सेना के अध्यक्ष नीरज कपिल ने कहा कि इस मनोनयन से युवाओं में विशेष उत्साह है और उनके मार्गदर्शन में संगठन राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और गति देगा। वहीं जनपदीय ब्राह्मण सभा महिला इकाई की अध्यक्ष श्रद्धा हिंदू ने कहा कि यह निर्णय संगठन की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है और इससे महिलाओं एवं युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
हिंदू स्वराज ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट हिमांशु कपिल ने कहा कि यह मनोनयन राष्ट्रवाद और समाज सेवा की भावना की जीत है तथा उनके नेतृत्व में व्यवसायिक प्रकोष्ठ व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा।
स्वागत समारोह में मिले सम्मान और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त प्रदेश संयोजक ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि संगठन के प्रति समाज के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे तथा समाज और संगठन के गौरव को सदैव सर्वोपरि रखेंगे।
समारोह में वरिष्ठ जन ईश्वर चंद्र शर्मा, डॉ. रामकुमार शर्मा, आचार्य सचिन शास्त्री, आचार्य सचिन शर्मा, रामदेव शर्मा, पंडित वैभव शर्मा, पंडित अनुज शर्मा, पंडित गणेश शास्त्री, आचार्य ध्रुव कौशिक, शिव कुमार शर्मा, पंडित काका जी, पंडित बबलू जी, सतीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं समर्थक उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies