दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक क्षेत्र में रविवार शाम एक सात माह के मासूम के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया। दरगाह की मस्जिद के आंगन में सो रहे मासूम को एक अज्ञात व्यक्ति कथित रूप से उठाकर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए कई टीमों को सक्रिय कर दिया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार रजिया खातून पत्नी आसमत अपनी माता कलसुम खातून और भाई खुशराज के साथ दरगाह साबिर पाक में हाजिरी के लिए आई हुई थीं। परिवार मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के चारौत थाना क्षेत्र के मुसीधा गांव का निवासी है और पिछले करीब नौ माह से कलियर क्षेत्र में रह रहा है।बताया गया कि रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे रजिया का सात माह का पुत्र मोहम्मद अली दरगाह की मस्जिद के आंगन में एक परिचित व्यक्ति के पास लेटा हुआ था।
इसी दौरान परिचित को नींद आ गई। आरोप है कि मौके का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति मासूम को उठाकर वहां से चला गया।कुछ देर बाद जब परिजनों को बच्चे के गायब होने की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की नानी और मामा का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान शुरू किया और दरगाह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए कैमरे में दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मासूम का कोई सुराग नहीं लग सका था।सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।
हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द बच्चे को सकुशल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies