दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, जिला रुड़की ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंडल एवं विधानसभा प्रभारियों की घोषणा कर दी है। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विभोर सेठी द्वारा जारी सूची में युवा कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन विस्तार की रणनीति को गति दी गई है।
जारी सूची के अनुसार युवा मोर्चा के जिला महामंत्री सूरज प्रकाश नेगी को पिरान कलियर, झबरेड़ा एवं खानपुर विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि मुकुल त्यागी को रुड़की, भगवानपुर एवं मंगलौर विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन में इन नियुक्तियों को आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विभोर सेठी ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य करेंगे तथा युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।

नवनियुक्त प्रभारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और युवा मोर्चा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य किया जाएगा।
इन नियुक्तियों के बाद भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि नए दायित्वों के साथ संगठन को क्षेत्र में और अधिक मजबूती मिलेगी तथा युवाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies