
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश कौशिक को उत्तराखंड की प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। इस महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

दैनिक रुड़की से फोन पर हुई बातचीत में दिनेश कौशिक ने बताया कि उन्हें विभागीय पत्र के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति में सदस्य के रूप में नामित किया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात होने के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।

कौशिक ने कहा कि विभाग की ओर से औपचारिक आदेश और विस्तृत पत्र प्राप्त होने के बाद समिति के कार्यों, अधिकारों और दायित्वों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी। इसके बाद वह सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गन्ना किसानों के हितों, उनकी समस्याओं तथा गन्ना विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास करेंगे।
दिनेश कौशिक ने कहा कि पार्टी ने हमेशा समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का कार्य किया है और उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे वह पूरी लगन, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना के साथ निभाएंगे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies