
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। मंगलौर, इकबालपुर, झबरेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर भाजपा के वरिष्ठ एवं पुराने कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत से मुलाकात कर जनता की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, जर्जर विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों की क्षमता की कमी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की अनियमितता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली बाधित होने से आमजन, व्यापारी, किसान और छात्र-छात्राएं भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। कई स्थानों पर लो-वोल्टेज की समस्या के कारण घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं, जबकि किसानों को सिंचाई कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल मंगलौर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा प्रत्याशी ऋषिपाल बालियान, गजेंद्र सिंह, संजय त्यागी और शोभित चौधरी ने अधीक्षण अभियंता से मांग की कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, जर्जर तारों को बदलने और बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण करने की भी मांग की।
अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर है और प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां तकनीकी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की बिजली समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनता के हित में व्यापक स्तर पर आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा। बैठक के दौरान क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी विभागीय अधिकारियों को दिए गए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies