News

05-06-2026 17:43:20

बकाया गन्ना भुगतान और स्मार्ट मीटर के विरोध में भाकियू रोड ने भरी हुंकार सीएम आवास घेराव की चेतावनी-बेडपुर दो पक्षों के विवाद में बाहरी हस्तक्षेप का आरोप, भाकियू रोड ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। भारतीय किसान यूनियन (रोड) की ओर से बेडपुर चौक पर किसान पंचायत आयोजित कर किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। पंचायत में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया तथा बेडपुर विवाद प्रकरण में पुलिस की कथित एकपक्षीय कार्रवाई को लेकर रोष व्यक्त किया गया। संगठन ने मांगें पूरी न होने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की चेतावनी दी।


शुक्रवार को पिरान कलियर बेडपुर में हसन अली की अध्यक्षता में आयोजित किसान पंचायत का संचालन प्रदेश महासचिव प्रदीप त्यागी ने किया इस दौरान भाकियू रोड के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी पदम सिंह रोड ने कहा कि इकबालपुर शुगर मिल प्रबंधन द्वारा अभी तक किसानों का गन्ना भुगतान नहीं किया गया है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि एक सप्ताह के भीतर किसानों का बकाया भुगतान कराया जाए। ऐसा न होने पर संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।उन्होंने बेडपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि बाहरी व्यक्तियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस द्वारा एकपक्षीय कार्रवाई किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। संगठन ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कलियर कोतवाली और एसएसपी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया का किसान विरोध करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। वहीं प्रदेश महासचिव विकास शर्मा ने बताया कि 11 जून को आयोजित होने वाली मासिक पंचायत में मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम की विस्तृत रणनीति तय की जाएगी।उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा।इस अवसर पर कारी शहजाद, इरशाद प्रधान, वारिस अली, जावेद अली, जव्वाद, रियासत, आसिफ अली, टीटू, मतलूब, मोनू मलिक, मोमिन, परवेज और गोपाल उर्फ मुन्नू सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies