
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। कोर्स पूरा होने के बाद प्रमाण पत्र नहीं दिए जाने को लेकर छात्राओं और इंस्टीट्यूट संचालकों के बीच चल रहा विवाद आखिरकार पुलिस और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की नेत्री की मध्यस्थता में सुलझ गया। कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद छात्राओं को उनके प्रमाण पत्र और मेडल सौंप दिए गए, जिसके साथ ही लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।

कोतवाली पहुंची छात्राओं ने इंस्टीट्यूट संचालकों के हाथों से प्रमाण पत्र लेने से साफ इंकार कर दिया। छात्राओं की नाराजगी को देखते हुए यूकेडी नेत्री रितु कंडियाल और महिला अधिवक्ता रजनी शर्मा ने स्वयं छात्राओं को प्रमाण पत्र और मेडल वितरित किए।
रितु कंडियाल और रजनी शर्मा ने बताया कि कोर्स पूरा करने वाली छात्राएं संस्थान संचालकों के व्यवहार से नाराज थीं। उनका कहना था कि प्रमाण पत्र के लिए उन्हें लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा, इसलिए उन्होंने संचालकों के हाथों से प्रमाण पत्र लेने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की लड़ाई केवल अपने प्रमाण पत्र प्राप्त करने की थी, जो अब उन्हें मिल गए हैं। इस मामले में न्याय मिलने के बाद छात्राएं संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पुलिस कप्तान नवनीत सिंह से भी मिली थीं।
वहीं, मामले के निस्तारण के बाद टैलेंट रितु इंसान फैशन डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट की संचालक के पति ने पूर्व में मीडिया में प्रसारित वीडियो पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि वीडियो को लेकर कुछ अभ्यर्थियों के परिजनों ने आपत्ति जताई थी। हालांकि वीडियो में दोनों पक्षों का पक्ष दिखाया गया था और उसमें लगाए गए आरोप अभ्यर्थियों द्वारा लगाए गए थे, किसी मीडिया संस्थान द्वारा नहीं।
संस्थान संचालक के पति ने कहा कि उनके संस्थान से बड़ी संख्या में छात्राएं प्रशिक्षण लेकर सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं। कुछ अभ्यर्थियों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार थे। उन्होंने कहा कि अब मामला पूरी तरह समाप्त हो गया है और सभी अभ्यर्थियों को उनके प्रमाण पत्र सौंप दिए गए हैं।
पुलिस की मौजूदगी में हुए समझौते के बाद दोनों पक्षों ने विवाद खत्म होने पर सहमति जताई, जिससे छात्राओं को राहत मिली और लंबे समय से लंबित प्रमाण पत्र वितरण का मामला सुलझ गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies