
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर में बुधवार देर शाम एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है।

जानकारी के अनुसार घायल युवक ग्राम सफरपुर का निवासी है, जो अपने एक साथी के साथ रामनगर क्षेत्र में बाल कटवाने आया था। बाल कटवाने के बाद दोनों युवक एक नूडल्स की दुकान पर खाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वहां कुछ युवक पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने युवक को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान युवक अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और वैशाली मंडप की ओर चला गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दूसरा युवक भी मौके से निकल गया।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम सफरपुर के कई युवक मौके पर पहुंचे और घायल युवक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद युवक वैशाली मंडप क्षेत्र के पास घायल अवस्था में मिला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे अपने साथ लेकर गए तथा उसके मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कराई।
बताया जा रहा है कि युवक के सिर पर चोट लगी है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने भी घायल का मेडिकल कराने के लिए पत्र जारी कर दिया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर हमलावर युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies