
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए मंगलौर स्थित गुरु ज्ञान सागर स्कूल के तत्वावधान में आयोजित 21 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ बुधवार को श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के वातावरण में किया गया। शिविर में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. अनुज गोयल, प्रधानाचार्या श्रीमती सारिका जैन, कॉर्डिनेटर जसविंदर ठाकुर एवं योगाचार्य निखिल पुंडीर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर डॉ. अनुज गोयल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सफल जीवन की कुंजी है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
प्रधानाचार्या सारिका जैन ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक मजबूती और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। नियमित योग करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन में अनुशासन आता है।योगाचार्य निखिल पुंडीर ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं ध्यान का विधिवत अभ्यास कराया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में छात्राएं नीतू, ईशू, अंशिका, रिया, अक्षी और प्रियांशी तथा छात्र कृष्णा, रोनक, आरव, हेमंत और आरुष सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इसके अलावा शिक्षिकाएं प्रीति शर्मा, पिंकी रानी, मीनाक्षी शर्मा, मोनी गाबा, ममता सैनी, प्रियंका शर्मा, इशिका, सोनिया पाल, निशा प्रजापति, साक्षी मित्तल, निशा शर्मा, निशा धीमान और दिव्या सहित अनेक योगप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी भूमिका पर भी जोर दिया गया। आयोजकों ने बताया कि आगामी 21 दिनों तक विभिन्न योग सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को योग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies