News

03-06-2026 13:22:27

प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावियों का हुआ सम्मान, त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले-लक्ष्य नहीं, सफलता का यह सिर्फ एक पड़ाव..

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। ढंडेरी ख्वाजीपुर स्थित चौधरी बालचंद सैनी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा का सम्मान नहीं है, बल्कि शिक्षा के प्रति उनकी सोच, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के त्याग का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा के प्रति अधिक गंभीर दिखाई दे रही हैं और प्रत्येक क्षेत्र में देशहित में अपना योगदान देने के लिए आगे बढ़ रही हैं। वर्तमान समय में बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में कुछ भी बनने से पहले एक अच्छा इंसान बनना जरूरी है। समाज और परिवार की प्रतिष्ठा एवं गरिमा को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में मिली सफलता अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। विद्यार्थियों को अपने बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया जिनके अंक अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए। उन्होंने कहा कि कम प्रतिशत अंक आने का अर्थ यह नहीं कि अवसर समाप्त हो गए हैं। मेहनत और लगन के बल पर कोई भी छात्र देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है।विशिष्ट अतिथि एवं उत्तर प्रदेश सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ने तथा उच्च शिक्षा हासिल कर समाज का जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा नेता मुनीश सैनी ने कहा कि चौधरी बालचंद सैनी इंटर कॉलेज ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप यहां के छात्र-छात्राएं प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। कॉलेज के प्रधानाचार्य यशवीर सिंह सैनी ने बताया कि विद्यालय की छात्राओं ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करना है ताकि वे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहें।

समारोह की अध्यक्षता ग्राम प्रधान ढंडेरी ख्वाजीपुर विकास सैनी ने की, जबकि संचालन राजीव सैनी ने किया। कार्यक्रम में इंटरमीडिएट की छात्रा तनिशा सी राजा, जिन्होंने उत्तराखंड बोर्ड मेरिट में चौथा स्थान प्राप्त किया, तथा हाईस्कूल की छात्रा काकुन सैनी, जिन्होंने प्रदेश में 16वां स्थान हासिल किया, सहित अन्य मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, ढंडेरा नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी, विद्यालय प्रबंधक रविन्द्र कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद और अभिभावक उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies