दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
हरिद्वार। देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में बुधवार तड़के अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि बस में रखा यात्रियों का सामान आग की चपेट में आ गया और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, बस संख्या MP44 ZC 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो) बुधवार सुबह करीब चार बजे देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हरिद्वार-दिल्ली रोड पर क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे तथा शांतारशाह पुलिस चौकी से लगभग 200 मीटर पहले बस में तकनीकी खराबी के चलते अचानक आग लग गई।
आग लगते ही चालक और परिचालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। यात्रियों का सामान बस के अंदर ही रह गया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ यातायात व्यवस्था संभाली। इसके बाद रुड़की से फायर टेंडर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

बस चालक अरुण कुमार (निवासी उदयपुर) तथा परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह (निवासी कंचनपुर, धौलपुर, राजस्थान) ने प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इंजन की ओर से तकनीकी खराबी बताया है।पुलिस ने सभी यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यात्रियों ने संकट की घड़ी में त्वरित सहायता और बेहतर व्यवस्था के लिए हरिद्वार पुलिस और फायर सर्विस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस मामले की अग्रिम जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies