News

01-06-2026 13:25:16

फर्जी मेडिकल के आरोप पर सिविल अस्पताल में आसपा का धरना, देशराज कर्णवाल पर लगाए गंभीर आरोप

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। पूर्व विधायक एवं राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल से जुड़े मारपीट प्रकरण में नया विवाद खड़ा हो गया है। आजाद समाज पार्टी (आसपा) के कार्यकर्ताओं ने सिविल अस्पताल पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार कराकर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आसपा कार्यकर्ता महक सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक सिविल अस्पताल पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि झबरेड़ी खुर्द में "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद दर्ज मुकदमे में मेडिकल रिपोर्ट को आधार बनाकर पार्टी कार्यकर्ता सौरभ की गिरफ्तारी कराई गई, जबकि वास्तविक घटनाक्रम इससे अलग है।

महक सिंह ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से हमला और गंभीर चोटें दर्शाई गई हैं, जबकि घटना के वायरल वीडियो में ऐसा कोई हथियार दिखाई नहीं देता। उनका आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव के चलते मेडिकल रिपोर्ट को मनमाने तरीके से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।

धरने के दौरान आसपा नेताओं ने सिविल अस्पताल प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अस्पताल में पहले भी फर्जी मेडिकल बनाए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं और इस मामले में शामिल चिकित्सकों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।

वहीं, रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष परवेज सुल्तान ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्षी आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाना उचित नहीं है और पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए।

गौरतलब है कि झबरेड़ी खुर्द में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शनिवार रात नामजद आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद से आसपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। वहीं कार्यकर्ताओं ने सिविल अस्पताल के सीएमएस को एके मिश्रा को ज्ञापन दिया जिसमें मेडिकल बनाने वाले चिकित्सक को निलंबित करने के साथ मामले की जांच की मांग की। वहीं सीएमएस ने मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अमित राकेश,वसीम अहमद,अर्जुन कर्णवाल,सुमित,शशांक,दीपक आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies