हरिद्वार में बड़ा हादसा: सप्तऋषि क्षेत्र में यात्रियों से भरी बस पलटी, महिला की मौत, कई घायल
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान से यात्रियों का एक दल बस से हरिद्वार दर्शन के लिए आया था। सप्तऋषि क्षेत्र के समीप चालक बस को पीछे (बैक) कर रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची।
हादसे में पुष्प कंवर पत्नी निवासी नागौर, राजस्थान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई यात्री घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और राहत दल की मदद से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस को बैक करते समय चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।