दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। सुभाष नगर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के पावन अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुभारंभ हो गया। कथा के प्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाली यह पांचवीं श्रीमद्भागवत कथा है। कलश यात्रा का शुभारंभ आयोजक यजमान परिवार की ओर से हर्ष सैनी ने कराया। इस दौरान विधि-विधान से कलश पूजन, गणेश पूजन, नवग्रह पूजन, व्यास पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। धार्मिक कार्यक्रमों का संचालन आचार्य नरेश शास्त्री, आचार्य प्रकाश, आचार्य अनुज नौटियाल, देवेश समर्थ भारद्वाज, अनंत शर्मा, कृष्ण भटनागर एवं पंकज भटनागर ने किया।
कथा व्यास पंडित जगदीश पैन्यूली ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण विशेष पुण्यदायी माना जाता है। यह कथा श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि कथा प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं भागवत महिमा का वर्णन किया जाएगा।
मुख्य यजमान के रूप में प्रियम श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मनीष श्रीवास्तव, हर्ष सैनी, सपना सैनी, राशि सैनी, आयुषी सैनी, सुनीता चौधरी, शालू शर्मा, कमला बंबोला, संजय प्रजापति, भुवनेश्वरी, वंदना पैन्यूली, प्रियंका सैनी, अर्चना शर्मा, अंजनी शर्मा, संस्कृति, पूनम शर्मा, कैप्टन शशिकांत शर्मा, अनंत शर्मा, मानसी शर्मा, निर्मला जोशी, शकुंतला देवी, अमर देवी रावत, दर्शनी देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies