
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। मंगलौर पुलिस ने पेट्रोल पंप पर हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 3,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, लक्सर निवासी मोहम्मद मन्नान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि उनके पेट्रोल पंप पर तीन बदमाशों ने धावा बोलकर 25,300 रुपये की नकदी लूट ली थी और विरोध करने पर मारपीट कर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में सीओ मंगलौर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकुश उर्फ भौंदा पुत्र पप्पू निवासी ग्राम नजरपुरा, मंगलौर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से 3,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किए जाने की संभावना है।गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कलकान्त रतूड़ी, कांस्टेबल रोशन, कांस्टेबल पप्पू और कांस्टेबल अंकित शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies