News

30-05-2026 14:31:57

ऑपरेशन ‘प्रहार’ का वार, आईपीएल सट्टेबाज चढ़ा पुलिस के हत्थे

दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::


मंगलौर। जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस ने आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते हुए एक सटोरिये को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी सहित सट्टा संचालन में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।


चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहल्ला मलानपुरा क्षेत्र में आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाकर अवैध जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहबान अंसारी पुत्र रसीद निवासी मोहल्ला मलानपुरा, मंगलौर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 1,500 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, पेन तथा गत्ता बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाकर अवैध रूप से धन अर्जित करने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


मंगलौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी सट्टा, जुआ, नशाखोरी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।पुलिस टीम में: चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies