News

30-05-2026 13:54:04

हत्या के प्रयास के मामले में फरार युवक गिरफ्तार, लोहे की रॉड से किया था जानलेवा हमला

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर एक युवक को घर से बुलाकर उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को सैनिक कॉलोनी निवासी कमलेश पत्नी स्वर्गीय श्यामलाल ने कोतवाली गंगनहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 अज्ञात युवक उनके नाती एकांश को घर से बाहर बुलाकर ले गए और उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गंगनहर ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया। विवेचना के दौरान चिकित्सकीय रिपोर्ट और डॉक्टर के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 109 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

जांच के दौरान सैनिक कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय प्रथम उर्फ मनु पुत्र भूपेंद्र का नाम प्रकाश में आया। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस दबाव बढ़ने पर आरोपी स्वयं कोतवाली गंगनहर पहुंचा, जहां उसे पूछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रथम उर्फ मनु (19 वर्ष) पुत्र भूपेंद्रनिवासी सैनिक कॉलोनी, गली नंबर-7, कोतवाली गंगनहर, रुड़की बताया गया है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान,हेड कांस्टेबल संदीप यादव,कांस्टेबल पवन नेगी शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies