दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। देर रात आए तेज आधी-तूफान ने रुड़की शहर में भारी परेशानी खड़ी कर दी। शहर के कई इलाकों में विशाल पेड़ सड़कों पर गिर पड़े, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और कई क्षेत्रों की बिजली सप्लाई भी ठप हो गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि रातभर शहर के मुख्य मार्ग अवरुद्ध रहे।
गुरुवार रात्रि 00:57 बजे फायर स्टेशन रुड़की को सूचना प्राप्त होते ही फायर यूनिट तत्काल घटनास्थलों के लिए रवाना हुई। फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए वुडन कटरों की सहायता से गिरे हुए पेड़ों को काटकर सड़क किनारे किया और बाधित मार्गों को वाहनों के आवागमन के लिए दोबारा सुचारू कराया।फायर यूनिट ने पूरी रात लगातार अभियान चलाकर शहर को राहत पहुंचाई। तेज अंधेरे, तूफानी मौसम और खतरे के बीच फायर कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
इस दौरान टीम ने रुड़की-देहरादून रोड, राजमहल होटल के पास,मिलिट्री अस्पताल रुड़की के पास,नगला इमरती,ढंडेरा फाटक, लकसर रोड आदि क्षेत्रों पर गिरे पेड़ों को हटाया। घटना की सूचना कंट्रोल रूम रुड़की को भी दे दी गई है।घटनास्थल पर मौजूद फायर टीम में चालक विपिन सिंह तोमर,लीडिंग फायरमैन विपिन सैनी,फायरमैन राजेंद्र सिंह बिष्ट फायरमैन जगवीर सिंह,फायरमैन अभिषेक कुमार मौजूद रहे। फायर यूनिट की इस त्वरित कार्रवाई से रातभर बंद पड़े कई प्रमुख मार्गों को दोबारा खोला जा सका, जिससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies