दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से दोस्तों के साथ दरगाह में जियारत करने आए एक 20 वर्षीय युवक के गंगनहर में डूबकर लापता होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार बरेली जिले के थाना आंवला ग्राम कुड़की पट्टी निवासी 20 वर्षीय यशदान अपने दोस्तों के साथ पिरान कलियर दरगाह में जियारत के लिए आया था। गुरुवार को जियारत करने के बाद वह अपने साथियों के साथ गंगनहर में नहाने पहुंचा। इस दौरान वह संतुलन खो बैठा और पानी की लहरों में फंसकर डूबने लगा साथियों ने शोर मचाया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।
सूचना पर पुलिस और जल पुलिस की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गंगनहर में डूबकर लापता युवक की तलाश की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies