News

28-05-2026 13:49:23

सहारनपुर और गौतमबुद्धनगर की घटनाओं पर रुड़की ब्राह्मण समाज में रोष, सिद्धेश्वर शिव मंदिर में हुई आपात बैठक

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। सहारनपुर में मंदिर के पुजारी पर कथित एकतरफा कार्रवाई तथा गौतमबुद्धनगर में 14 वर्षीय मासूम गोपाल शर्मा की निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को सिविल लाइंस स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर परिसर में रुड़की के ब्राह्मण समाज की विभिन्न इकाइयों एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों घटनाओं को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।


बैठक की अध्यक्षता पुरोहित कल्याण समिति के अध्यक्ष पंडित राजकुमार कौशिक ने की। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल को देखते हुए कुछ असामाजिक तत्व जातीय तनाव फैलाकर सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेने और पुलिस की एलआईयू को सक्रिय करने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।


विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा “सर्वे भवन्तु सुखिनः” और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि समाज को निशाना बनाकर माहौल खराब करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए सहारनपुर प्रकरण में पीड़ित पुजारी पक्ष की ओर से भी तत्काल क्रॉस एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।


विप्र फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार भारद्वाज ने गौतमबुद्धनगर में मासूम गोपाल शर्मा की हत्या को सभ्य समाज पर कलंक बताते हुए कहा कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए।पुरोहित कल्याण समिति के अध्यक्ष पंडित राजकुमार कौशिक ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि इसके पीछे भू-माफिया या राजनीतिक साजिश है तो उसे भी उजागर किया जाए। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की।


जनपदीय ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष पंडित देवेंद्र शर्मा और भारतीय ब्रह्म सभा के अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने कहा कि कुछ लोग जातिवादी एजेंडा चलाकर राष्ट्रवादी सोच वाली सरकारों को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कानून का राज कायम है और समाज को उम्मीद है कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

पुरोहित समिति के अध्यक्ष आचार्य रजनीश शास्त्री ने कहा कि सरकार और समाज को मिलकर ऐसे असामाजिक तत्वों को बेनकाब करना होगा। उन्होंने एलआईयू और स्थानीय प्रशासन से संवेदनशील मामलों में सक्रियता दिखाने की अपील की।बैठक के दूसरे चरण में गौतमबुद्धनगर के मृतक बालक गोपाल शर्मा को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।बैठक के अंत में समाज के लोगों ने संकल्प लिया कि ब्राह्मण समाज हमेशा शांति, विकास और राष्ट्रहित के लिए कार्य करता रहेगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि निर्दोष लोगों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने को बाध्य होगा।


इस अवसर पर आदित्य शर्मा, रोहित शर्मा वैदिक, आचार्य सचिन शर्मा, पंडित ध्रुव कौशिक, पंडित सतीश कौशिक, पंडित नरेंद्र द्विवेदी, पंडित अनुज कौशिक, पंडित मनोज शर्मा, पंडित सुनील शर्मा, पंडित वीरेंद्र प्रसाद, पंडित पवन कुमार, पंडित लव कुश पाराशर, पंडित मनोज सेमवाल, पंडित नवीन कुमार शर्मा, पंडित चंद्र मोहन गोरोला, पंडित सचिन भारद्वाज, पंडित गोपाल शर्मा, आचार्य चेतन शर्मा, पंडित वेद प्रकाश शुक्ला, पंडित कुलदीप मोहन शर्मा, अनुज बाग सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies