
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भगवान वाल्मीकि घाट पर सिंचाई विभाग द्वारा ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा किए जाने के विरोध में वाल्मीकि समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि इस कार्रवाई से समस्त वाल्मीकि समाज की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं और समाज में भय तथा असंतोष का माहौल उत्पन्न हो गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भगवान वाल्मीकि घाट केवल एक स्थान नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, सम्मान और धार्मिक पहचान का प्रतीक है। समाज के लोगों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पवित्र स्थल पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई को वाल्मीकि समाज किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि नोटिस लगाए जाने के बाद समाज में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है और लोगों में भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने समाज को आश्वस्त किया कि वाल्मीकि समाज की धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा तथा मामले का न्यायपूर्ण समाधान निकालने के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। मंत्री के इस आश्वासन के बाद समाज के लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है।

वाल्मीकि समाज के लोगों ने विश्वास जताया कि सरकार उनकी आस्था और सम्मान की रक्षा के लिए उचित कदम उठाएगी। इस दौरान समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें रामेश्वर प्रसाद, सतपाल वैध, सुरेश, सोहन सिंह, आकाश छाछर, विजेंद्र बोहत, अमर बेनीवाल, सोनू बिरला, दीपक, जगदीश प्रधान, नरेश फौजी, टीपू राम, विवेक टांक, विकास, देशराज, चंद्रपाल, रविंदर साजन, हर्ष तलवार और नितिन सांसी सहित अन्य लोग शामिल रहे।

समाजसेवी एवं सामाजिक चिंतक रवि चौटाला ने मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को उनके सकारात्मक रुख से न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies