
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। ईद-उल-अज़हा के पावन पर्व को लेकर नगर पालिका परिषद मंगलौर ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। बुधवार को पालिका अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी ने अधिकारियों के साथ ईदगाह पहुंचकर सफाई व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतज़ामों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी ने कहा कि ईद-उल-अज़हा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि मोहब्बत, भाईचारे, कुर्बानी और इंसानियत का पैग़ाम देने वाला पर्व है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ईद की नमाज़ अदा करने आने वाले हर नमाज़ी को साफ-सुथरा, सुरक्षित और पुरसुकून माहौल मिलना चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने शहरवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और शहर की साफ-सफाई तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि खुशियां बांटना और भाईचारे को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका की ओर से ईद-उल-अज़हा को लेकर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला सबकी कुर्बानियों को कबूल फरमाए और शहर में अमन, तरक्की व खुशहाली कायम रखे। साथ ही उन्होंने समस्त देशवासियों को ईद-उल-अज़हा की दिली मुबारकबाद दी।

इस दौरान अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी, सफाई निरीक्षक जसवीर चौधरी, अवर अभियंता सुभाष चंद्र, नगर पालिका की टीम तथा कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies