दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
हरिद्वार। आगामी ईद-उल-अजहा के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में देर रात विशेष सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों की गहन जांच की गई। पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों में देर रात तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आसपास मौजूद लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईद-उल-अजहा के दौरान बड़ी संख्या में लोग धार्मिक स्थलों पर पहुंचते हैं। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हरिद्वार पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों में डर का माहौल देखा जा रहा है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies