News

26-05-2026 15:35:11

बोर्ड बैठक में सभासदों का हंगामा, चेयरमैन भी दिखे गुस्से में लाल, हंगामे के बीच बैठक स्थगित...


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। नगर पंचायत ढंडेरा में आयोजित बोर्ड बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक में सभासदों ने जमकर हंगामा काटा तो चेयरमैन भी कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर गुस्से में दिखे। बैठक के बीच ही कर्मचारियों को नगर पंचायत में आने वाले आम नागरिकों की बात नम्रता के साथ सुनने की हिदायत दी गई। वहीं हंगामे के बाद बैठक स्थगित कर दी गई। नगर पंचायत ढंडेरा में मंगलवार को बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक शुरू होते ही सभासदों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला इस कदर बढ़ा कि बैठक से उठकर चेयरमैन भी बाहर आ गए। इसके बाद भी हंगामा होता रहा। इसी बीच विधायक उमेश कुमार भी बैठक में पहुंच गए। विधायक भी सभासदों के समर्थन में खड़े दिखे।

विधायक की मौजूदगी से सभासद भी दो खेमों में बंट गए। एक सभासद के नगर पंचायत को बजट देने की बात उठाने पर विधायक ने निधि आने पर मांग पूरी करने की बात कही। विधायक ने नगर पंचायत को बजट न दिए जाने को लेकर सरकार पर भी नाराजगी जताई। करीब दो घंटे तक चली बोर्ड बैठक में कोई हल न निकल पाने पर बैठक को सर्वसम्मति से स्थगित कर दिया गया। चेयरमैन सतीश नेगी ने बताया कि कुछ सभासद बेकार में अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। विकास कार्यों में सभासदों को सहयोग करना चाहिए।

अभी तक सरकार से विकास कार्यों को लेकर बजट जारी नहीं हो सका है। पर्याप्त कर्मचारी नहीं है, जिस कारण सफाई व्यवस्था के लिए भी वार्डों को बांटकर व्यवस्था बनाई गई है। बजट को लेकर उनकी शासन में वार्ता हुई है। कुछ कार्यों के लिए अगले महीने बजट मिलने की संभावनाएं हैं। बैठक में अधिशासी अधिकारी विरेंद्र सिंह, सभासद विकास पाल, विजय सिंह पंवार, गोविंद सिंह, कुंवर सिंह डंगवाल, सभासद प्रतिनिधि मोहित कुमार, दिनेश नेगी आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies