
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 10 के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनकी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन के लिए छात्रवृत्ति तथा पुरस्कार राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अनिरुद्ध त्यागी को 21 हजार की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली परी सैनी को 11 हजार की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। तृतीय स्थान पर रहे मोहम्मद अर्सलान एवं शिवांशी को 5,100-5,100 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक अभिषेक चंद्रा एवं प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, समर्पण और अनुशासन ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने घोषणा की कि मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मानस्वरूप विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे वे आगे की शिक्षा में और अधिक उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों और शिक्षकों ने भी खुशी व्यक्त की तथा सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies