
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। झबरेड़ा क्षेत्र में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर उस समय विवाद में घिर गया जब राज्यमंत्री एवं पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल और ग्रामीणों के बीच जमकर कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। मामले ने तूल पकड़ लिया है और दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर देकर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह ने कर्णवाल और उनके समर्थकों पर उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं देशराज कर्णवाल ने महक सिंह पर युवाओं को भड़काने और शराब पिलाकर विवाद करवाने का आरोप लगाया है।
कर्णवाल का कहना है कि क्षेत्र में बहुउद्देशीय शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने तेज आवाज में भीम आर्मी से संबंधित गाना बजाना शुरू कर दिया और “महक सिंह जिंदाबाद” के नारे लगाने लगा, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ। आरोप है कि जब युवक को ऐसा करने से रोका गया तो वह अभद्रता पर उतर आया। कर्णवाल पक्ष का यह भी आरोप है कि युवक के साथ मौजूद एक महिला ने भी अभद्र व्यवहार किया।
वहीं कर्णवाल की पत्नी वैजयंती माला ने आरोप लगाया कि महक सिंह युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन हाथों में कलम होनी चाहिए, उनमें लाठी-डंडे थमाए जा रहे हैं। वैजयंती माला का आरोप है कि कुछ युवाओं ने उनके साथ भी अभद्रता की और कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। साथ ही बीच-बचाव में आए उनके ड्राइवर के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

दूसरी ओर थाने पहुंचे महक सिंह ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर होकर कर्णवाल खुलेआम युवाओं के साथ मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies