
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। हरिद्वार जिले में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के चार विधायकों ने देहरादून में ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंचकर प्रबंध निदेशक (एमडी) से मुलाकात की। विधायकों ने बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए तत्काल अघोषित कटौती बंद करने, जर्जर लाइनों को बदलने और ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई।

कलियर विधायक फुरकान अहमद,मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन,हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत और झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने देहरादून में ऊर्जा निगम के अधिकारियों से मिलकर कहा कि जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं और भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने ऊर्जा निगम से जर्जर बिजली लाइनों को बदलने, आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने तथा रामपुर क्षेत्र में नया बिजलीघर स्थापित करने की मांग की। मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि हरिद्वार जिले में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं और सरकार मांग के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने में विफल रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नही हुआ तो प्रदेशभर के कांग्रेस विधायक ऊर्जा भवन पहुंचकर आंदोलन करेंगे।इस दौरान कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies