
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। बताया गया है कि झबरेडी खुर्द में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प हो गई। मौके पर दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि मंत्री देशराज कर्णवाल भी हाथ में ईंट लेकर ग्रामीणों की ओर बढ़ते नजर आए। वहीं उनकी धर्मपत्नी वैजयंती माला भी मौके पर मौजूद थीं और एक युवक के साथ उनकी तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद एक राजनीतिक दल का गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ। वायरल वीडियो के अनुसार, जब मंत्री गांव में भ्रमण कर रहे थे तभी एक युवक ने अपने मोबाइल फोन पर एक राजनीतिक दल का गाना चला दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर मंत्री कर्णवाल ने युवक के हाथ से मोबाइल छीन लिया और उसका कॉलर पकड़कर उसे खींचते हुए ले गए। बाद में वीडियो में युवक की शर्ट फटी हुई भी दिखाई दे रही है।

घटना के दौरान कुछ महिलाएं भी मंत्री और उनकी पत्नी से तीखी बहस करती नजर आ रही हैं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
इस मामले में मंत्री देशराज कर्णवाल का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन फोन उठाने वाले व्यक्ति ने थोड़ी देर बाद बात कराने की बात कही। साथ ही यह भी बताया गया कि मामले में तहरीर देने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल यह खबर वायरल वीडियो के आधार पर तैयार की गई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से जो भी आधिकारिक अपडेट सामने आएगा, उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies