
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। भारत विकास परिषद की ओर से गुरुवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक कर समय रहते बचाव और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम की अध्यक्षता रीति वर्मा ने की, जबकि मंच संचालन अलका घनशाला ने किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. वंदना ग्रोवर का अंगवस्त्र, माला एवं प्लांटर भेंट कर स्वागत किया गया। शाखा की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. वंदना ग्रोवर ने कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव और एचपीवी वैक्सीन के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जागरूकता और नियमित जांच के माध्यम से इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है।
उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए पैप स्मियर जांच को बेहद जरूरी बताते हुए छात्राओं और अध्यापिकाओं से अपील की कि वे यह महत्वपूर्ण जानकारी अपनी माताओं और परिवार की अन्य महिलाओं तक भी पहुंचाएं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और अध्यापिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने सवालों के जवाब भी प्राप्त किए।

इस दौरान एडवोकेट प्रीति अग्रवाल ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक नारायण दत्त शर्मा को प्लांटर और स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम महिला संयोजिका नीलम मधोक के अथक प्रयासों से सफलतापूर्वक आयोजित हो सका।कार्यक्रम में नीलम शर्मा, सुगंध जैन, संगीता सिंह सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं एवं मूलराज कन्या विद्यालय की छात्राएं भी मौजूद रहीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies