दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 30.37 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।


पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवान, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार, कांस्टेबल देवेश और कांस्टेबल प्रीतम क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने मुर्गा फार्म तिराहे से पाडली गुर्जर की ओर जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में तारीक पुत्र स्वर्गीय जहांगीर (19 वर्ष), सहजान पुत्र शमशाद (24 वर्ष) और बाबर पुत्र शमीम (25 वर्ष) निवासी रसूलपुर थाना गंगनहर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि तारीक के पास से 11.45 ग्राम, सहजान के पास से 9.80 ग्राम और बाबर के पास से 9.45 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies