दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
भगवानपुर।कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने आधुनिक पुलिस सॉफ्टवेयर तकनीक का प्रयोग करते हुए 48 घंटे के भीतर अज्ञात युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। गृह मंत्रालय द्वारा संचालित NETGRID पोर्टल की मदद से पहले अज्ञात शव की पहचान की गई और फिर सघन जांच के बाद हत्या में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि 2 आरोपी अभी फरार हैं।

17 मई 2026 को थाना भगवानपुर क्षेत्र के बहबलपुर से लव्वा गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। प्रथम दृष्टया युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई थी। शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु रुड़की मोर्चरी भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अज्ञात शव की पहचान के लिए गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल पर मृतक की फोटो अपलोड की गई। पोर्टल द्वारा चेहरे से मिलते-जुलते 10 व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त हुई, जिनमें अधिकतर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के थे। मृतक की शिनाख्त सहारनपुर निवासी 23 वर्षीय कलीम पुत्र मुरादु, निवासी ग्राम बचीटी, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई।
मृतक के चाचा दिलशाद ने फोटो देखकर शव की शिनाख्त की। मामले में अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि मृतक कलीम अपने भाई कामिल के साथ काम की तलाश में भगवानपुर आया था। 16 मई की रात दोनों भोजन की तलाश में होटल धरोहर पहुंचे। वहीं होटल संचालक और उसके साथियों से कहासुनी हो गई।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया और डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। कामिल मौके का फायदा उठाकर भाग निकला, लेकिन कलीम को आरोपियों ने तब तक पीटा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। पूछताछ में मुख्य आरोपी हर्ष ने बताया कि कलीम की मौत के बाद घबराकर शव को उसकी हुंडई क्रेटा कार (UK07 HC 8272) की डिग्गी में रखा गया और लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी देहरादून की ओर फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में 6 टीमें गठित की गईं। घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 120 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए।जेल में निरुद्ध अपराधियों से पूछताछ की गई। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध काली क्रेटा कार की पहचान हुई, जिसके आधार पर आरोपियों तक पुलिस पहुंची। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों सौरभ चौहान (बीटेक) निवासी खुब्बनपुरअंकित कुमार (ग्रेजुएट) निवासी खुब्बनपुर,हर्ष चौहान (पॉलीटेक्निक)निवासी खुब्बनपुर, अनमोल सैनी (बीए) निवासी सलेमपुर राजपूतानाविशाल सैनी (बी.फार्मा) निवासी सोना सईद माजरा सहारनपुर को गिरफ्तार किया। दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं,जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडे मृतक का मोबाइल फोन,हुंडई क्रेटा कार (जिसमें शव ले जाया गया) आरोपियों से बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर रितेश शाह के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक, कांस्टेबल व सीआईयू हरिद्वार व रुड़की की संयुक्त टीम शामिल रही।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies